छपरा-मुजफ्फरपुर NH-722 पर हादसा: खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटा, ट्रक में लगी भयंकर आग

Neha Nanhe

NEWS PR डेस्क : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक और सहचालक ने सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर केबिन में एलपीजी सिलेंडर पर खाना बना रहे थे। इसी दौरान सिलेंडर से गैस रिसाव हुआ और अचानक आग लग गई।

छपरा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 722 पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ, जब भेल्दी थाना क्षेत्र के सोनहो टोल टैक्स के पास खड़े ट्रक में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ट्रक का इंजन और पिछला हिस्सा जल गया। इसके कारण करीब एक घंटे तक मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक और सहचालक सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर केबिन में एलपीजी सिलेंडर पर खाना बना रहे थे। इसी दौरान सिलेंडर से गैस का रिसाव हुआ और अचानक आग फैल गई। चालक ने सिलेंडर को बाहर फेंकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पूरी केबिन और इंजन तक फैल चुकी थी।

इस घटना में चालक अशोक कुमार (40) और उपचालक गोविंद कुमार (30), दोनों सोनभद्र के निवासी, गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें ट्रक से बाहर निकाला और तत्काल परसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही भेल्दी थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया आग का कारण गैस सिलेंडर से रिसाव माना जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

Share This Article