NEWS PR डेस्क :भागलपुर जिले के पीरपैंती बाजार स्थित दानापुर में अदाणी फाउंडेशन की ओर से मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के गांवों और बाजार क्षेत्र से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में चिकित्सक डॉ. प्रदीप सिंह ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान बुखार, सर्दी-खांसी, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, जोड़ों के दर्द समेत विभिन्न सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया। जांच के बाद मरीजों को नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं और बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी दिया गया। कार्यक्रम में हेल्प एज इंडिया की ओर से एसपीओ नितेश कुमार उपस्थित रहे। वहीं अदाणी फाउंडेशन की ओर से आशुतोष पांडे, रवि चौधरी, कुंदन राणा सहित अन्य कर्मियों ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अदाणी फाउंडेशन के प्रतिनिधि आशुतोष पांडे ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके घर के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मोबाइल मेडिकल यूनिट का नियमित संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक पीरपैंती पंचायत के विभिन्न स्थानों पर ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां मरीजों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर का लाभ बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों ने उठाया। स्थानीय ग्रामीणों ने अदाणी फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए बेहद उपयोगी और राहतकारी साबित हो रहे हैं। इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि मो. सुल्तान, पंचायत समिति प्रतिनिधि मो. संजुर, सरपंच प्रतिनिधि मो. यकीन सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
