पश्चिम चंपारण में प्रशासन की पहल, सहयोग शिविरों के जरिए लोगों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बेतिया। आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन की ओर से जिले की 44 ग्राम पंचायतों और सभी नगर निकायों में एक साथ सहयोग शिविरों का आयोजन किया गया।

इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और शहरी क्षेत्रों के लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य आवेदनों पर संबंधित विभागों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।
सहयोग शिविरों में राजस्व विभाग, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, मनरेगा, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, कृषि, छात्रवृत्ति और दिव्यांगजन सहायता सहित कई विभागों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई।
शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। प्रशासन का उद्देश्य है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके और लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने योगापट्टी प्रखंड के भवानीपुर पंचायत और नगर निगम बेतिया के वार्ड-17 में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article