NEWS PR डेस्क: पटना: बिहार की सियासत में राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवारों ने गुरुवार को बिहार विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने औपचारिक रूप से पर्चा भरा।
नामांकन के दौरान विधानसभा परिसर में एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं और विधायकों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah भी विशेष रूप से शामिल हुए, जिससे पूरे आयोजन को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी नेता विधानसभा परिसर से बाहर निकल गए।
इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करने के लिए स्टेट गेस्ट हाउस पहुंच गए, जहां संगठन और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
नामांकन कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह मंत्री अमित शाह का शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कुछ समय तक बातचीत भी हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन एक साथ बिहार विधानसभा पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री Rajiv Ranjan Singh (Lalan Singh), सम्राट चौधरी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता पहले से ही विधानसभा में मौजूद थे। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में एनडीए विधायक भी पहुंचे, जिससे गठबंधन ने अपनी एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन किया।