दानापुर टेंपो स्टैंड पर अवैध वसूली का आरोप,4,970 रुपये के साथ तीन गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: दानापुर: दानापुर टेंपो स्टैंड के पास वाहन चालकों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 4,970 रुपये नकद और ‘MAA SOHIT INFRA SOLUTION’ नाम से छपी पर्चियां बरामद की गई हैं।
वाहन चालकों से अधिक राशि लेने की मिली थी सूचना
एएसपी दानापुर अजीत कुमार के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि दानापुर थाना क्षेत्र के टेंपो स्टैंड के पास कुछ लोगों द्वारा टेंपो, ऑटो और अन्य वाहनों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि ली जा रही है।सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई की और तीन लोगों को पकड़ लिया।
पार्किंग के साथ सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों से भी वसूली का आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों पर पार्किंग में खड़े टेंपो, ऑटो और अन्य वाहनों से राशि वसूलने का आरोप है। इसके अलावा पार्किंग क्षेत्र से बाहर सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों से भी जबरन पैसे लेने की बात सामने आई है।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी और पर्चियां बरामद की हैं।
तीनों आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौला कुमार (35), विकाश कुमार (26) और शिव कुमार (42) के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, शिव कुमार मनेर थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि मौला कुमार और विकाश कुमार दानापुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
केस दर्ज, अन्य लोगों की भूमिका की जांच
इस मामले में दानापुर थाना कांड संख्या 1068/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कथित अवैध वसूली में आरोपियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।एएसपी दानापुर अजीत कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति से अवैध तरीके से राशि या निर्धारित शुल्क से अधिक पैसे की मांग की जाती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट।

Share This Article