गया: मोदी सरकार के 12 साल गरीब कल्याण, विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा को समर्पित – नित्यानंद राय

मोदी सरकार के 12 साल: गरीब कल्याण, विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा की नई कहानी

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क:केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने गुरुवार को गया स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से देश के सामने रखा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का यह कार्यकाल गरीबों के उत्थान, सुशासन, बुनियादी विकास, किसानों के सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने सामाजिक, आर्थिक और वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व प्रगति हासिल की है।


प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश के 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए, जबकि 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया। उन्होंने बताया कि 58 करोड़ जनधन खाते खोले गए हैं और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 11 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वामी विवेकानंद के उस भारत के सपने को साकार करने की दिशा में कार्य किया है, जो भूख, गरीबी और अशिक्षा से मुक्त हो। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और सम्मानित राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने आतंकवाद को उसकी जड़ में जाकर जवाब देने की क्षमता दुनिया के सामने प्रदर्शित की है।
किसानों के हितों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत करोड़ों किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही कृषि बजट में भी कई गुना वृद्धि की गई है। स्वास्थ्य क्षेत्र में 43 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं, जिससे गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।
नित्यानंद राय ने कहा कि देश की प्रति व्यक्ति आय 46 हजार रुपये से बढ़कर दो लाख रुपये से अधिक हो गई है। बेरोजगारी दर में कमी आई है और लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियों एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं। उन्होंने सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में हुए व्यापक विकास को भी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हो पाया। साथ ही नक्सलवाद और आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का भी दावा किया।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विभिन्न देशों द्वारा सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प तेजी से साकार होगा, जिसमें युवा, महिलाएं, किसान और गरीब सभी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में नित्यानंद राय ने देशवासियों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया और “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ अपने संबोधन का समापन किया। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article