भीषण गर्मी में जानवरों की सुरक्षा: पटना जू में हाईटेक इंतजाम

Amid the heatwave, coolers, air conditioners, sprinklers and special diets are providing relief to animals

Rashmi Tiwari

तपती गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच जहां इंसान बेहाल हैं, वहीं बेजुबान जानवरों की देखभाल भी बड़ी चुनौती बन गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए पटना जू प्रशासन ने जानवरों को हीट स्ट्रोक और लू से बचाने के लिए व्यापक और आधुनिक इंतजाम किए हैं। जू के नाइट हाउस में 17 कूलर और 53 पंखे लगाए गए हैं, ताकि अंदर का तापमान सामान्य बना रहे। वहीं अजगर, कोबरा जैसे रेप्टाइल्स के लिए एसी की सुविधा दी गई है और सांपघर, निशाचर घर व मछलीघर में कुल 11 एसी लगाए गए हैं, जिससे संवेदनशील प्रजातियों को राहत मिल सके।
कूलर के जरिए ठंडी हवा पहुंचाई जा रही है,
बाघ और शेर की गुफाओं में कूलर के जरिए ठंडी हवा पहुंचाई जा रही है, जबकि तेंदुआ, लकड़बग्घा, हिमालयन भालू, स्लॉथ बियर, चिम्पांजी और हुलॉक गिब्बन भी कूलर और पंखों की ठंडक का आनंद ले रहे हैं। जू परिसर में नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे वातावरण ठंडा बना रहे। कई जानवरों के शरीर पर भी पानी डाला जा रहा है, वहीं भालू झरने में स्नान कर गर्मी से राहत पा रहा है।
वॉटर स्प्रिंकलर और मिस्ट फॉगर लगाए गए
पक्षियों के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। उनके बाड़ों में वॉटर स्प्रिंकलर और मिस्ट फॉगर लगाए गए हैं, जबकि एमू और ऑस्ट्रिच के इंक्लोजर में फाउंटेन की व्यवस्था की गई है। हाथियों के लिए स्प्रिंकलर और ठंडे पानी की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि वे भीषण गर्मी में सहज रह सकें।
तरबूज, खरबूज, खीरा और ककड़ी जैसे ठंडे फल दिए जा रहे हैं
खानपान में बदलाव करते हुए शाकाहारी जानवरों को तरबूज, खरबूज, खीरा और ककड़ी जैसे ठंडे फल दिए जा रहे हैं। वहीं मांसाहारी जानवरों के भोजन की मात्रा कम की गई है, ताकि गर्मी में पाचन संबंधी समस्याएं न हों। चिम्पांजी और भालू को नारियल पानी, दही-भात, फल और अन्य पौष्टिक आहार दिए जा रहे हैं। हाथी के आहार में केला के थम्ब नियमित रूप से दिया जा रहा है। पटना जू के परिसर में अन्य पक्षियों और जानवरों के लिए जगह-जगह पर पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। सभी शाकाहारी और मांसाहारी जानवरों को ग्लूकोज, इलेक्ट्रॉल और होमियोपैथी दवा लू से बचने के लिए दिया जा रहा है।
ग्लूकोज, इलेक्ट्रॉल और आवश्यक दवाइयां दी जा रही हैं
इसके अलावा सभी जानवरों को ग्लूकोज, इलेक्ट्रॉल और आवश्यक दवाइयां दी जा रही हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है और कर्मचारी 24 घंटे सतर्क हैं। इन तैयारियों के जरिए जू प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि भीषण गर्मी के बावजूद हर जीव सुरक्षित और स्वस्थ रह सके।

Share This Article