पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां बेतिया GMCH में बड़ा हादसा: चौथी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत, छह बेटियों के सिर से उठा पिता का साया,
पश्चिम चंपारण के बेतिया स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) में चौथी मंजिल से गिरकर एक मरीज की मौत हो गई। मृतक की पहचान बैरिया थाना क्षेत्र के तधवानंदपुर गांव निवासी छोटू पासवान के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले मवेशी चराने के दौरान गिरने से छोटू पासवान के सिर में चोट लग गई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए GMCH में भर्ती कराया गया था, जहां तीसरी मंजिल पर उनका उपचार चल रहा था।
परिजनों के मुताबिक, रात में छोटू पासवान अपने बेड पर सो रहे थे। इसी दौरान परिजनों को नींद आ गई। बताया जा रहा है कि वह अचानक बेड से उठकर चौथी मंजिल पर पहुंच गए और वहां से नीचे गिर पड़े, जिससे उनकी मौत हो गई।
छोटू पासवान अपने पीछे छह बेटियों को छोड़ गए हैं। पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब परिजनों को बेटियों के भविष्य और परवरिश की चिंता सता रही है।
फिलहाल, मरीज चौथी मंजिल तक कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में नीचे गिरे, यह स्पष्ट नहीं है। मामले में अस्पताल प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-