NEWS PR डेस्क: देश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता को एक और बड़ा झटका लगा है। रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों के दाम पहले से ही लोगों की जेब पर भारी पड़ रहे थे, और अब घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। गैस कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की वृद्धि की है।
नई दरों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 942 रुपये हो गई है। वहीं बिहार की राजधानी पटना में उपभोक्ताओं को अब एक घरेलू सिलेंडर के लिए 1031 रुपये चुकाने होंगे। इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर की कीमत 339 रुपये निर्धारित की गई है। हालांकि 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम फिलहाल 3113.50 रुपये पर स्थिर रखे गए हैं।
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बाद से ही घरेलू गैस सिलेंडर महंगा होने की आशंका जताई जा रही थी। खासकर ईरान-होर्मुज क्षेत्र में तनाव और आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के कारण ऊर्जा बाजार पर दबाव बना हुआ है। हालांकि फरवरी के अंत में शुरू हुए संकट के बावजूद सरकार ने लंबे समय तक घरेलू सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की थी।

इससे पहले मई और जून में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कई बार इजाफा किया जा चुका है। एक मई को कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भारी बढ़ोतरी की गई थी, जबकि जून की शुरुआत में भी इसके दाम 42 रुपये बढ़ाए गए थे।
उधर, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देश में एलपीजी की उपलब्धता को लेकर स्थिति सामान्य होने का दावा किया है। मंत्रालय के अनुसार, किसी भी क्षेत्र में गैस की कमी की सूचना नहीं मिली है और सभी गैस एजेंसियों पर नियमित आपूर्ति जारी है। सरकार ने यह भी कहा है कि जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
सरकार का कहना है कि होर्मुज क्षेत्र में उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद देशभर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। साथ ही घरेलू स्तर पर एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
ऑनलाइन गैस बुकिंग को लेकर मंत्रालय ने बताया कि देश में अब लगभग 99 प्रतिशत एलपीजी बुकिंग डिजिटल माध्यम से की जा रही है। वहीं 95 प्रतिशत गैस डिलीवरी ग्राहकों के मोबाइल पर भेजे गए ऑथेंटिकेशन कोड के जरिए सत्यापित की जा रही है, जिससे वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है और गड़बड़ियों पर अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।
घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों ने एक बार फिर आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। ऐसे में आने वाले दिनों में महंगाई का असर और गहराने की आशंका जताई जा रही है।