बिहार में एक और मटुकनाथ, मुजफ्फरपुर में 60 साल के प्रिंसिपल ने 28 वर्षीय टीचर से नेपाल में रचाई शादी

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा अपनी ही स्कूल की शिक्षिका से नेपाल जाकर शादी करने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि प्रिंसिपल की उम्र करीब 60 वर्ष है, जबकि शिक्षिका 28 वर्ष की हैं। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही यह खबर तेजी से फैल गई।

नेपाल के जनकपुर में रचाई शादी

जानकारी के मुताबिक, स्कूल संचालक और प्रिंसिपल राकेश साह, जो चार बच्चों के पिता बताए जा रहे हैं, ने 18 फरवरी को नेपाल के जनकपुर में अपनी ही स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका शाइस्ता परवीन से विवाह किया।

शादी के बाद शिक्षिका के भाई ने औराई थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन का अपहरण कर जबरन शादी कराई गई है। शिकायत में राकेश साह, उनकी पत्नी और बेटी समेत कुल सात लोगों को नामजद किया गया है। भाई ने बहन की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है।

शिक्षिका का वीडियो आया सामने

वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में शाइस्ता परवीन ने दावा किया है कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है। उन्होंने कहा कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है। उनका यह भी कहना है कि साल 2025 में ही आपसी सहमति से विवाह हो चुका था।

गांव में तनाव का माहौल

मामले के सामने आने के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। दो समुदायों के बीच संभावित विवाद को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। औराई थाना प्रभारी रानोवर परवीन ने बताया कि नामजद आरोपियों में से तीन लोगों के मोबाइल फोन जब्त कर कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला प्रेम विवाह का है या किसी प्रकार के दबाव का। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।

फिर याद आए मटुकनाथ

इस घटना के बाद लोगों को पटना विश्वविद्यालय के पूर्व हिंदी प्राध्यापक मटुकनाथ चौधरी की याद आ गई। वर्ष 2006 में वे अपनी ही छात्रा जूली के साथ प्रेम संबंध और विवाह को लेकर सुर्खियों में आए थे। उस समय उनकी पत्नी के सार्वजनिक विरोध के बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा। विवाद के चलते उन्हें निलंबन और सामाजिक आलोचना का सामना करना पड़ा था।

Share This Article