NEWS PR डेस्क : पूर्व राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता आर. के. सिन्हा के निधन पर बिहार में शोक संवेदनाओं का सिलसिला जारी है। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्र और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
राष्ट्रसेवा और समाज कल्याण में रहा अहम योगदान
अपने शोक संदेश में अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि आर. के. सिन्हा का निधन सामाजिक एवं राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन के विस्तार एवं समाज के कल्याण के लिए समर्पित किया। उनका समर्पण, ओजस्वी व्यक्तित्व और वैचारिक निष्ठा सदैव स्मरणीय एवं प्रेरणास्पद रहेंगे।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को चिरशांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों एवं समर्थकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें।
आर. के. सिन्हा के निधन से बिहार के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक का माहौल है। विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है और उनके योगदान को याद किया जा रहा है।