जगदीशपुर पशु चिकित्सालय में चोरी, कंप्यूटर समेत कई कार्यालयी उपकरण ले उड़े चोर

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 27 जुलाई। भागलपुर जिले के जगदीशपुर स्थित सरकारी पशु चिकित्सालय में रविवार रात चोरों ने सेंध लगाकर कंप्यूटर सहित कई महत्वपूर्ण कार्यालयी उपकरणों की चोरी कर ली। घटना की जानकारी सोमवार सुबह कार्यालय खुलने पर हुई। मामले को लेकर चिकित्सालय के डाटा एंट्री ऑपरेटर (डीईओ) ने जगदीशपुर थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर निरीक्षण करने पर हॉल की खिड़की का शीशा भी टूटा पाया गया। जांच में पता चला कि कार्यालय में रखा कंप्यूटर सिस्टम का मॉनिटर, सीपीयू, यूपीएस, की-बोर्ड और माउस गायब थे। आशंका है कि चोर रात के दौरान खिड़की के रास्ते अंदर घुसे और सभी उपकरण चोरी कर फरार हो गए।

घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी गई। इसके बाद डाटा एंट्री ऑपरेटर राजेश कुमार पंजियारा ने जगदीशपुर थाना में आवेदन देकर मामले की जांच, चोरों की पहचान तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी संस्थानों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का मानना है कि यदि उपयोगी फुटेज मिलती है तो आरोपितों की पहचान करने में मदद मिल सकती है।

भागलपुर से शयामानंद सिह की रिपोर्ट

Share This Article