बांकीपुर उपचुनाव: आज थमेगा चुनावी शोर, 30 जुलाई को वोटिंग; बीजेपी, राजद और जन सुराज ने झोंकी पूरी ताकत

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना,28 जुलाई। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम पांच बजे थम जाएगा। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से जारी राजनीतिक सरगर्मियों पर विराम लग जाएगा और अब सभी दलों की नजर 30 जुलाई को होने वाले मतदान पर होगी। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजों का ऐलान किया जाएगा।

उपचुनाव को प्रतिष्ठा का प्रश्न मानते हुए भाजपा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जन सुराज ने प्रचार के अंतिम दौर में पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को तीनों प्रमुख दलों के स्टार प्रचारकों ने मतदाताओं तक पहुंचने के लिए रोड शो और जनसंपर्क अभियान चलाया।

एनडीए ने विकास के मुद्दे पर मांगे वोट

भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बांकीपुर में संयुक्त रोड शो किया। नितिन नवीन ने चुनावी सभा में कहा कि बांकीपुर उनके राजनीतिक जीवन की कर्मभूमि है और यहां भाजपा का जनाधार मजबूत है। उन्होंने दावा किया कि इस बार भी जनता भाजपा के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश देगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी एनडीए सरकार के विकास कार्यों का हवाला देते हुए मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो संदेश जारी कर मतदाताओं से नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की गति को बनाए रखने के लिए एनडीए को मजबूत करना जरूरी है।

तेजस्वी बोले- बदलाव का समय

राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मीठापुर से रोड शो निकालकर कई इलाकों में जनसंपर्क किया। जयप्रकाश नगर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर की जनता बदलाव चाहती है।

तेजस्वी यादव ने भाजपा सरकार पर युवाओं और छात्रों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि इस बार मतदाता अपने वोट से जवाब देंगे। उन्होंने मंगलवार को भी चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कई इलाकों में जनसंपर्क करने का कार्यक्रम तय किया है।

जन सुराज भी मैदान में सक्रिय

जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर भी लगातार मोहल्लों और वार्डों में जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय समस्याओं, रोजगार, शिक्षा और शहरी सुविधाओं को चुनावी मुद्दा बनाया है। हाल के दिनों में छात्रों के आंदोलन, बंटी यादव हत्याकांड और भरत तिवारी एनकाउंटर जैसे मामलों को लेकर भी प्रशांत किशोर सक्रिय रहे हैं। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भी उन्होंने घर-घर संपर्क अभियान जारी रखा।

प्रतिष्ठा की सीट बनी बांकीपुर

बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद रिक्त हुई थी। नितिन नवीन इस सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। ऐसे में भाजपा के लिए यह सीट बचाना प्रतिष्ठा का सवाल है, जबकि राजद और जन सुराज इसे सत्ता पक्ष के खिलाफ जनमत के रूप में देख रहे हैं।

अब चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद सभी की नजर 30 जुलाई को होने वाले मतदान और 3 अगस्त को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी है, जो तय करेगा कि बांकीपुर की जनता इस बार किस राजनीतिक दल पर भरोसा जताती है।

Share This Article