बिहार की जीविका दीदियों को मिलेगा सोलर योजना का लाभ घरों की छत पर लगेंगे 2 किलोवाट के रूफटॉप सोलर प्लांट, बिजली बिल में मिलेगी राहत

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क : बिहार में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को गति देने के लिए सरकार ने नई पहल शुरू की है। अब जीविका दीदियों को भी इस योजना से जोड़ने की तैयारी है। इसके तहत जीविका दीदियों के घरों की छत पर 2 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ना और बिजली खर्च में राहत पहुंचाना है।

इसको लेकर 12 नवंबर 2026 को जीविका और राज्य की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने और जीविका के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से गांव-गांव तक सौर ऊर्जा का लाभ पहुंचाने पर चर्चा हुई।

जीविका दीदियों के घरों पर लगेंगे सोलर प्लांट

बैठक में जीविका के माध्यम से दीदियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ने की रणनीति तैयार करने पर विचार किया गया। इसके तहत उनके आवासीय परिसरों में दो किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र स्थापित कराने की पहल की जाएगी।

इसके साथ ही जीविका समूहों के माध्यम से योजना का प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक परिवारों को इसमें भागीदार बनाने पर भी जोर दिया गया।

सोलर एजेंसियों को विशेष पैकेज तैयार करने का निर्देश

योजना को प्रभावी बनाने के लिए CLF यानी क्लस्टर लेवल फेडरेशन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में सोलर एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि वे जीविका दीदियों के लिए विशेष पैकेज तैयार करें, ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण सोलर संयंत्र किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकें।

वहीं, विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधियों ने इस पूरी पहल में जीविका को हरसंभव सहयोग देने की सहमति जताई।

स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की तैयारी

इस पहल से बिहार में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है। जीविका के मजबूत नेटवर्क के जरिए ग्रामीण और शहरी परिवारों तक योजना की जानकारी पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे स्वच्छ और सस्ती सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ परिवारों को बिजली खर्च में राहत मिल सकती है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में ऊर्जा विभाग, BSPGCL, जीविका, विद्युत वितरण कंपनियों और सोलर एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अब देखना होगा कि इस पहल को जमीन पर कितनी तेजी से लागू किया जाता है और कितनी जीविका दीदियां इसका लाभ उठा पाती हैं।

Share This Article