बिहार की नूतन सिंह का WPL में बड़ा मौका, UP Warriorz के ट्रायल के लिए चयन

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार क्रिकेट के लिए एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। बिहार की प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटर और स्टेट प्लेयर नूतन सिंह का चयन आगामी Women’s Premier League (WPL) में हिस्सा लेने वाली टीम UP Warriorz के ट्रायल के लिए हुआ है। नूतन सिंह को अपनी प्रतिभा दिखाने का यह महत्वपूर्ण अवसर बेंगलुरु में मिला है।

11 से 14 अगस्त तक बेंगलुरु में ट्रायल
UP Warriorz की ओर से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के मुताबिक नूतन सिंह 11 अगस्त 2026 से 14 अगस्त 2026 तक बेंगलुरु में आयोजित होने वाले ट्रायल में हिस्सा लेंगी। ट्रायल के दौरान एक खिलाड़ी के तौर पर उन्हें मिलने वाली आवश्यक सुविधाएं फ्रेंचाइजी की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी। WPL जैसी प्रतिष्ठित महिला क्रिकेट प्रतियोगिता की फ्रेंचाइजी के ट्रायल के लिए चयन होना नूतन सिंह के क्रिकेट करियर में एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।
बिहार महिला क्रिकेट टीम की सीनियर प्लेयर हैं नूतन सिंह
नूतन सिंह बिहार महिला क्रिकेट टीम की सीनियर खिलाड़ी हैं। उन्होंने इससे पहले U19 और U23 घरेलू क्रिकेट में भी अपने प्रदर्शन से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। लगातार बेहतर प्रदर्शन के बाद अब उन्हें WPL फ्रेंचाइजी के ट्रायल में अपनी क्षमता साबित करने का मौका मिला है। यह उपलब्धि न केवल नूतन सिंह बल्कि बिहार की महिला क्रिकेट के लिए भी उत्साह बढ़ाने वाली है।
BCA अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने दी शुभकामनाएं
नूतन सिंह के चयन पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने खुशी जताते हुए कहा कि WPL टीम के ट्रायल के लिए उनका चयन बिहार क्रिकेट के लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि नूतन बिहार की प्रतिभाशाली स्टेट प्लेयर हैं और उन्हें देश के बड़े महिला क्रिकेट मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। BCA की ओर से उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि नूतन अपने प्रदर्शन से बिहार का नाम रोशन करेंगी।
BCA सचिव ने बताया मेहनत और प्रतिभा का परिणाम
BCA के सचिव ज़िआउल अरफीन ने कहा कि नूतन सिंह को UP Warriorz के ट्रायल का अवसर मिलना बिहार की महिला क्रिकेट के लिए उत्साहजनक खबर है। उन्होंने इसे नूतन की मेहनत और प्रतिभा का परिणाम बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नूतन बेंगलुरु में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी और इस अवसर को बड़ी उपलब्धि में बदलने में सफल होंगी।
महिला क्रिकेट को मिलेगी नई प्रेरणा
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने नूतन सिंह को बेंगलुरु में होने वाले ट्रायल के लिए शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्ज्वल क्रिकेट भविष्य की कामना की है। BCA का मानना है कि बिहार की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने के ऐसे अवसर मिलने से प्रदेश में महिला क्रिकेट को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी।

Share This Article