पटना: पटना समेत बिहार के लाखों बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल अब नहीं होगी। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार देर रात हुई अहम बैठक के बाद हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने पर सहमति बन गई है। ऐसे में सोमवार से पटना समेत बिहार के बैंकों में सामान्य कामकाज जारी रहेगा।
दरअसल, बैंक यूनियनों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने समेत कर्मचारियों की कई लंबित मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया था। हड़ताल के चलते चेक क्लीयरेंस, नकद निकासी और काउंटर से जुड़े अन्य जरूरी बैंकिंग काम प्रभावित होने की आशंका थी।
रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU के बीच हुई बैठक में विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के बाद आंदोलन को स्थगित करने का फैसला लिया गया। इससे सितंबर के अंतिम दिनों में बैंकिंग सेवाओं को लेकर ग्राहकों और कारोबारियों की चिंता फिलहाल खत्म हो गई है।
बैठक में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह के मुद्दे पर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय संयुक्त समिति गठित करने पर सहमति बनी है। समिति सभी संभावित विकल्पों के साथ ग्राहकों और अन्य हितधारकों के हितों पर भी विचार करेगी।
इसके अलावा स्केल-4 और उससे ऊपर के बैंक अधिकारियों की PLI योजना को लेकर भी आगे बातचीत होगी। यूनियनों और एसोसिएशनों की आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए जरूरी संशोधन के प्रस्ताव सरकार के सामने रखने पर चर्चा की जाएगी।
हड़ताल की आशंका को देखते हुए बिहार में कई बैंक शाखाएं रविवार को भी खुली थीं। अब हड़ताल स्थगित होने के बाद पटना समेत पूरे बिहार में बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चलने की उम्मीद है। 30 सितंबर को वित्तीय वर्ष की पहली छमाही का समापन होने के कारण यह समय बैंकिंग गतिविधियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।