NEWS PR डेस्क: भारतीय जनता पार्टी ने बिहार समेत कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। 23 सितंबर 2026 को जारी सूची के अनुसार हरीश द्विवेदी को बिहार का नया प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ संगीता यादव और रोहन गुप्ता को बिहार का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की मंजूरी के बाद यह संगठनात्मक बदलाव किया गया है।
हरीश द्विवेदी को बिहार के साथ कर्नाटक की भी जिम्मेदारी
नई जिम्मेदारी के तहत हरीश द्विवेदी को बिहार के अलावा कर्नाटक का भी प्रभारी बनाया गया है। वह भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं और उत्तर प्रदेश के बस्ती से लोकसभा सांसद रह चुके हैं। इससे पहले वह असम के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
अगस्त 2026 में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया था। अब बिहार संगठन की जिम्मेदारी मिलने के बाद वह प्रदेश से जुड़े संगठनात्मक कार्यों की निगरानी करेंगे।
संगीता यादव और रोहन गुप्ता बने सह-प्रभारी
बिहार में हरीश द्विवेदी की सहायता के लिए संगीता यादव और रोहन गुप्ता को सह-प्रभारी बनाया गया है। भाजपा की राष्ट्रीय सचिव संगीता यादव को इससे पहले भी पार्टी की अलग-अलग संगठनात्मक जिम्मेदारियां मिल चुकी हैं।
वहीं रोहन गुप्ता भी भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। दोनों नेता बिहार में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और प्रदेश इकाई से जुड़े मामलों में प्रभारी के साथ समन्वय करेंगे।
कई राज्यों में बदले प्रभारी, नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू
भाजपा ने बिहार के अलावा कई राज्यों में भी प्रभारी और सह-प्रभारियों में बदलाव किया है। विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है, जबकि स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी मिली है। राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है।
महाराष्ट्र की जिम्मेदारी बैजयंत जय पांडा को दी गई है। वहीं असम में मंगल पांडेय और झारखंड में गजेंद्र पटेल को प्रभारी बनाया गया है। पार्टी की जारी सूची के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से प्रभावी होंगी।