NEWS PR डेस्क: बिहार में तैनात आईपीएस अधिकारी और खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह का पारिवारिक विवाद अब राजस्थान के भरतपुर स्थित पुलिस थाने तक पहुंच गया है। उनकी पत्नी पूजा अपनी छह साल की बेटी को लेकर मदद की उम्मीद में बिहार से भरतपुर पहुंचीं, लेकिन ससुराल और ननद के घर से निराशा मिलने के बाद उन्होंने मथुरा गेट थाने का रुख किया। पूजा का आरोप है कि उनके पति बेटी को उनसे दूर रखना चाहते हैं।
भरतपुर में ससुराल और ननद के घर पहुंचीं पूजा
जानकारी के अनुसार, भानु प्रताप सिंह का परिवार भरतपुर की गीता कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से आईपीएस अधिकारी अपनी बेटी के साथ वहीं मौजूद थे। जब पूजा के भरतपुर पहुंचने की जानकारी मिली, तो भानु प्रताप सिंह वहां से निकल गए।
इसके बाद पूजा अपने ससुराल पहुंचीं। उन्होंने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से किसी ने दरवाजा नहीं खोला। लगभग एक घंटे तक इंतजार करने के बाद वह विजय नगर इलाके में रहने वाली अपनी ननद के घर पहुंचीं। वहां भी उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला और दरवाजा नहीं खोला गया।

देर रात तक मथुरा गेट थाने में बैठी रहीं
दोनों जगहों से निराश होने के बाद पूजा मथुरा गेट थाने पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर अपनी स्थिति बताई। थाने में मौजूद एसएचओ ने भानु प्रताप सिंह से फोन पर बातचीत भी की हालांकि, पुलिस की ओर से इसे पति-पत्नी के बीच का निजी विवाद बताया गया और तत्काल मामला दर्ज करने को लेकर असमर्थता जताई गई।
इसके बाद पूजा थाने में ही बैठ गईं और देर रात तक वहीं रहीं। उनका कहना था कि वह अपनी बेटी से मिलना चाहती हैं और इस मामले में उचित मदद की उम्मीद लेकर पुलिस के पास आई हैं।
2015 में शुरू हुई थी दोनों की प्रेम कहानी
बताया जाता है कि पूजा और भानु प्रताप सिंह की मुलाकात वर्ष 2015 में एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। परिवार की सहमति के खिलाफ जाकर दोनों ने 16 जनवरी 2016 को शादी कर ली थी।
शादी के समय पूजा भरतपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में काम करती थीं, जबकि भानु प्रताप सिंह यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। बाद में उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा पास की और आईपीएस अधिकारी बने।
पूजा के अनुसार, नौकरी मिलने के बाद शुरुआती वर्षों में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन धीरे-धीरे दांपत्य जीवन में तनाव बढ़ने लगा। अब विवाद उनकी छह साल की बेटी की देखभाल और कस्टडी को लेकर सामने आया है। फिलहाल, इस मामले में दोनों पक्षों का आधिकारिक पक्ष और पुलिस की आगे की कार्रवाई सामने आना बाकी है।