सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 45वीं वाहिनी, बीरपुर ने दो अलग-अलग कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की है। सीमा पर विशेष जांच अभियान के दौरान जवानों ने 100 Baofeng वॉकी-टॉकी और टू-वे रेडियो, एक स्कॉर्पियो वाहन तथा 2 लाख 63 हजार नेपाली मुद्रा जब्त की है। दोनों मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। SSB ने बरामद सामान संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
स्कॉर्पियो की डिक्की से मिले 100 वॉकी-टॉकी, चालक गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त की शाम सीमा चौकी नियोर पर विशेष नाका जांच के दौरान नेपाल की ओर जा रही स्कॉर्पियो (वाहन संख्या AS01AV7949) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन की डिक्की में रखे दो कार्टनों से कुल 100 Baofeng वॉकी-टॉकी और टू-वे रेडियो बरामद हुए। वाहन चालक की पहचान नेपाल के सप्तरी जिले निवासी देवानंद मिश्रा के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि इन उपकरणों को नेपाल पहुंचाने के एवज में उसे एक हजार रुपये मिलने थे हालांकि, वह वायरलेस उपकरणों के परिवहन से संबंधित WPC या ETA की कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
दिल्ली से कोरियर के जरिए मंगाए गए थे उपकरण, बड़ी साजिश की आशंका
SSB के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद संचार उपकरण दिल्ली से कोरियर के माध्यम से मंगाए गए थे। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इतनी बड़ी संख्या में संचार उपकरणों की बरामदगी किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर सकती है। इस मामले में अब अन्य जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं और कोरियर नेटवर्क की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे गिरोह और इसके पीछे जुड़े लोगों का पता लगाया जा सके।
दूसरी कार्रवाई में ₹2.63 लाख नेपाली मुद्रा जब्त, SSB ने दी कड़ी चेतावनी
इसी दौरान सीमा चौकी कटैया पर नेपाल से भारत आ रहे रविंद्र यादव के पास से 2 लाख 63 हजार नेपाली मुद्रा बरामद की गई। पूछताछ के दौरान वह इस राशि से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद नेपाली मुद्रा और उसकी साइकिल को जब्त कर सीमा शुल्क कार्यालय भीमनगर को सौंप दिया गया। 45वीं वाहिनी SSB के कमांडेंट गौरव सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सीमा की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए SSB पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही है। फिलहाल दोनों मामलों में जांच जारी है और इस कार्रवाई के बाद सीमा पार अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है।
सुपौल से रिपोर्टर अल्ताफ राजा