सासाराम में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते CO गिरफ्तार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: सासाराम, 22 मई। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सासाराम के अंचलाधिकारी (CO) आकाश कुमार रौनियार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शहर के मोरसाराय स्थित उनके किराए के आवास पर की गई।

निगरानी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, CO को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते समय पकड़ा गया। आरोप है कि यह रकम एक राजस्व संबंधी कार्य कराने के बदले मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन चलाया और तय रकम के लेन-देन के दौरान अधिकारी को दबोच लिया।

जानकारी के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत पटना स्थित निगरानी थाना में दर्ज शिकायत से हुई थी। सासाराम अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मचारी राकेश कुमार ने CO पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। शिकायत के सत्यापन के बाद आरोप सही पाए गए, जिसके बाद निगरानी विभाग ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम CO अपने निजी सहायक सोनू कुमार के माध्यम से ले रहे थे। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि सासाराम अंचल कार्यालय पहले भी भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चर्चा में रह चुका है। करीब एक वर्ष पूर्व इसी कार्यालय में एक डाटा एंट्री ऑपरेटर को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

Share This Article