बिहार विधान परिषद उपचुनाव का ऐलान, 12 मई को होगा मतदान

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 09 अप्रैल। भारत निर्वाचन आयोग ने भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र के लिए विधान परिषद उपचुनाव की घोषणा कर दी है। यह सीट राधा चरण साह के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी, जिसके चलते चुनाव कराना अनिवार्य हो गया है।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव की अधिसूचना 16 अप्रैल को जारी होगी। नामांकन प्रक्रिया 23 अप्रैल तक चलेगी, जबकि 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 27 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 12 मई को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, वहीं मतगणना 14 मई को की जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 15 मई तक संपन्न कर ली जाएगी।

आयोग के निर्देश के साथ ही संबंधित क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। प्रशासन को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि जेडीयू नेता राधा चरण साह ने 2025 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद इस सीट से इस्तीफा दिया था। वे पहले से ही राजनीतिक और कानूनी कारणों को लेकर चर्चा में रहे हैं, खासकर प्रवर्तन निदेशालय द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई कार्रवाई के बाद।

भोजपुर जिले के बरहारा प्रखंड के रहने वाले राधा चरण साह का सफर साधारण पृष्ठभूमि से शुरू होकर राजनीति और व्यवसाय तक पहुंचा। शुरुआती दिनों में वे अपने परिवार के साथ आरा रेलवे स्टेशन के पास जलेबी की दुकान चलाने में मदद करते थे।

अब इस उपचुनाव के जरिए एक बार फिर यह सीट राजनीतिक दलों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गई है और सभी की नजर आगामी चुनावी मुकाबले पर टिकी हुई है।

Share This Article