NEWS PR डेस्क: बिहार में विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा-2026(librarian eligibility test) के दौरान तकनीकी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। गया के एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर सर्वर में आई खराबी के कारण 155 अभ्यर्थियों की परीक्षा बाधित हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने संबंधित पाली की परीक्षा रद्द कर पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया है।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अनुसार, विज्ञापन संख्या PR 221/2026 के तहत विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा का आयोजन 23 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में दो पालियों में किया जा रहा है। इसी क्रम में 27 नवंबर 2026 को दूसरी पाली में गया के मानपुर स्थित L&T EduTech Exam Centre, यादव चौक, न्यू बाईपास, नौरंग रोड में परीक्षा आयोजित की गई थी। इस केंद्र पर कुल 476 अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित थी, जिनमें से 417 अभ्यर्थी तीन कंप्यूटर लैब में उपस्थित थे।
परीक्षा के दौरान एक कंप्यूटर लैब में 155 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे थे। इसी बीच अपराह्न 3:30 बजे सर्वर में तकनीकी खराबी आ गई। सर्वर की समस्या दूर करने में समय लगने के कारण इस लैब में परीक्षा बाधित हो गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष ने संबंधित केंद्र पर दूसरी पाली की परीक्षा रद्द कर पुनः परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया है। पुनर्परीक्षा की तिथि संबंधित अभ्यर्थियों को अलग से सूचित की जाएगी।
इसके अलावा, पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए गया के जिला पदाधिकारी से जांच प्रतिवेदन मांगा गया है। परीक्षा बाधित होने के संबंध में परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी L&T EduTech से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, समय पर उच्चाधिकारियों को सूचना नहीं देने और कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में केंद्र पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश भी जिला पदाधिकारी को दिया गया है।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 27 नवंबर की दूसरी पाली में इस केंद्र पर परीक्षा देने वाले सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। संबंधित अभ्यर्थी समिति द्वारा आयोजित पुनर्परीक्षा में शामिल हों। पुनर्परीक्षा की तिथि की जानकारी उन्हें अलग से दी जाएगी। समिति ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की पारदर्शिता, स्वच्छता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए वह प्रतिबद्ध है।