बिहार: मदरसा से हथियार मिलने से हड़कंप, प्रशासन ने परिसर को किया सील, PFI से निकला कनेक्शन !

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पूर्वी चंपारण, 05 अप्रैल। चकिया में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मदरसा से हथियार बरामद किया है। यह कार्रवाई गवंद्रा इलाके में की गई, जहां छापेमारी के दौरान एक पिस्टल जब्त किया गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि मदरसा परिसर में अवैध हथियार छिपाकर रखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और स्थानीय थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित छापेमारी की, जिसमें मदरसा से एक पिस्टल बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है और इनके बताए ठिकानों पर आगे छापेमारी की जा रही है।

घटना के बाद मदरसा को एहतियातन सील कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार वहां कैसे पहुंचा और इसके पीछे किस नेटवर्क की भूमिका है।

गौरतलब है कि यह वही मदरसा है, जहां से पहले प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया से जुड़े एक सक्रिय सदस्य को पुलिस और एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। ऐसे में इस बरामदगी को सुरक्षा एजेंसियां काफी गंभीरता से ले रही हैं।

Share This Article