NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण: बगहा: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब सड़क हादसा हो गया। मंगलपुर स्थित एसएसबी 21वीं वाहिनी कैंप के सामने मुख्य सड़क पर दो ऑटो और एक बुलेट बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कुल आठ लोग घायल हो गए। घायलों में अलाउद्दीन (35) की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया है।
बंदर के अचानक कूदने से घबराया ऑटो चालक
प्रत्यक्षदर्शी यात्री राजकुमार के मुताबिक, सड़क किनारे पेड़ों पर रहने वाला एक बंदर अचानक एक ऑटो चालक पर कूद गया। इससे चालक घबरा गया और ऑटो पर उसका नियंत्रण नहीं रहा। अनियंत्रित ऑटो सामने से आ रहे दूसरे ऑटो से जा टकराया।

इसी दौरान पीछे से आ रही बुलेट बाइक भी दोनों ऑटो से टकरा गई। हादसा इतना जोरदार था कि तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
SSB जवानों ने पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसएसबी 21वीं वाहिनी के जवानों ने तुरंत मदद के लिए कदम उठाया। जवानों ने कैंप की एंबुलेंस से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अरुण यादव ने सभी घायलों का इलाज किया। गंभीर रूप से घायल अलाउद्दीन को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया है।
हादसे में ये 8 लोग हुए घायल
हादसे में घायल लोगों की पहचान संतोष यादव, सोनू कुमार शर्मा, सामोहम्मद, अलाउद्दीन, रामजी कुशवाहा, शुभम कुमार, अरबाज खान और नम्रता कुमारी के रूप में हुई है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद पटखौली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार बंदर के अचानक ऑटो चालक पर कूदने के बाद यह हादसा हुआ, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़