NEWS PR डेस्क: पटना,30 जून। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (वीजिलेंस) की मुख्यालय टीम ने सोमवार को पटना जिले के सम्पतचक स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, चैनपुर के प्रधानाध्यापक कुणाल प्रियदर्शी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी विद्यालय परिसर स्थित उनके कार्यालय कक्ष से की गई।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, इस मामले में निगरानी थाना कांड संख्या-076/26 दिनांक 30 जून 2026 को दर्ज किया गया है। कार्रवाई परिवादी अरुण कुमार सिंह की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रधानाध्यापक वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 में सफल 152 विद्यार्थियों के अंक प्रमाण पत्र और स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र (सीएलसी) जारी करने के एवज में प्रति छात्र 400 रुपये की दर से रिश्वत की मांग कर रहे थे।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आरोपों का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक विन्ध्याचल प्रसाद के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन कर जाल बिछाया गया।

धावादल ने कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक कुणाल प्रियदर्शी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। निगरानी ब्यूरो ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
