NEWS PR डेस्क: बिहार के बक्सर जिले में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब जयमाला से ठीक पहले मंच पर चढ़े एक युवक ने दुल्हन को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल दुल्हन को पहले बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे वाराणसी रेफर किया गया। फिलहाल दुल्हन की हालत गंभीर बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है.
चौसा नगर पंचायत की घटना
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत की बताई जा रही है। मंगलवार रात शादी की रस्में चल रही थीं और जयमाला कार्यक्रम के लिए दुल्हन स्टेज पर पहुंच चुकी थी। तभी एक युवक अचानक मंच के पास आया, शर्ट के नीचे छिपाई पिस्टल निकाली और दुल्हन पर गोली चला दी। गोली लगते ही दुल्हन मंच पर ही गिर पड़ी। मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात के बाद आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गया।
बलिया से आई थी बारात
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर गांव से बारात बक्सर के चौसा पंचायत स्थित मल्लाह टोला आई थी। नंद जी मल्लाह की बेटी आरती कुमारी की शादी पूरे रीति-रिवाज से संपन्न हो रही थी। जैसे ही आरती जयमाला के लिए मंच पर पहुंची, पड़ोस में रहने वाला दीनबंधु नामक युवक अचानक स्टेज पर चढ़ आया और गोली चला दी। गोली आरती के पेट में लगी।
मंच पर मौजूद सहेलियां चीखने लगीं—“आरती को गोली मार दी!” लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
प्रेम प्रसंग की आशंका
ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी दीनबंधु पिछले दो वर्षों से आरती से प्रेम करता था। उसका घर भी आरती के घर के पास ही बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस प्रेम प्रसंग का एंगल देख रही है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।
यह घटना पूरे इलाके में दहशत और शोक का कारण बनी हुई है।