NEWS PR डेस्क:आरक्षण के मुद्दे पर देशभर में जारी बहस के बीच बीजेपी विधायक और गायिका मैथिली ठाकुर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आरक्षण को लेकर समाज में अलग-अलग मत होना स्वाभाविक है और इस विषय पर हर स्तर पर चर्चा हो रही है। मैथिली ठाकुर ने साफ किया कि इस मुद्दे पर अलग-अलग विचार सामने आना स्वाभाविक है और अंततः वही बात स्वीकार की जानी चाहिए, जो सबके हित में हो।।

मैथिली ठाकुर ने कहा कि जब आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर लोग व्यक्तिगत स्तर पर बातचीत करते हैं, तो अलग-अलग पहलुओं पर तार्किक तरीके से विचार किया जाता है। वहीं, बड़े समूहों में इस मुद्दे को लेकर लोगों की सोच और नजरिया अलग हो सकता है। कोई आरक्षण के पक्ष में हो सकता है, तो कोई इसके खिलाफ अपनी राय रख सकता है।
उन्होंने आरक्षण की बहस को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि देशभर में आम लोगों के साथ-साथ नेता भी इस विषय पर अपने-अपने विचार रख रहे हैं। ऐसे में अलग-अलग मत सामने आना स्वाभाविक है। मैथिली ठाकुर ने कहा कि आखिरकार वही बात सामने आनी चाहिए, जो सभी के हित में हो। हालांकि, उन्होंने आरक्षण के समर्थन या विरोध में अपना कोई स्पष्ट रुख जाहिर नहीं किया।
वहीं, बातचीत के दौरान मैथिली ठाकुर ने अभिनेत्री स्वरा भास्कर के एक बयान पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने ऐतिहासिक और संवेदनशील विषयों पर बिना पूरी जानकारी के टिप्पणी करने को गलत बताया। मैथिली ठाकुर ने कहा कि इतिहास से जुड़े विषयों पर बयान देने से पहले तथ्यों और भारत की विरासत को सही तरीके से समझना जरूरी है। उन्होंने स्वरा भास्कर की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि जिस आत्मविश्वास के साथ ऐतिहासिक तथ्यों के विपरीत बातें कही गईं, वह निराशाजनक है। उनके मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति को किसी ऐतिहासिक विषय की पूरी जानकारी नहीं है, तो उस पर टिप्पणी करने से पहले उसे विषय का गंभीरता से अध्ययन करना चाहिए।