NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 06 अप्रैल। बिहार के भागलपुर में भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस रविवार को बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। पार्टी कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे माहौल में संगठन के प्रति समर्पण और ऊर्जा साफ तौर पर देखने को मिली। इस अवसर पर बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके भागलपुर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया और गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में श्रेयसी सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज देश की सबसे बड़ी और मजबूत राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और देश की जनता के विश्वास को दिया। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूती देने के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मौजूद अन्य नेताओं ने भी अपने विचार साझा किए और संगठन के विस्तार, आगामी योजनाओं तथा कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। स्थापना दिवस के मौके पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने एकजुट होकर पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।