नई दिल्ली – चार राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि देश की राजनीति में अब “वोट बैंक” और “तुष्टिकरण” की राजनीति का दौर समाप्त हो चुका है।
ऋतुराज सिन्हा ने West Bengal के संदर्भ में कहा कि ममता बनर्जी की सत्ता से विदाई इस बात का जीवंत प्रमाण है कि जनता अब उस मॉडल को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी, जहाँ अल्पसंख्यक तुष्टिकरण के नाम पर बहुसंख्यक समाज के साथ दोहरा व्यवहार किया जाता है। बंगाल की माताओं-बहनों ने अपनी असुरक्षा और युवाओं ने अपने भविष्य के साथ हुए खिलवाड़ का पाई-पाई का हिसाब आज ‘वोट की चोट’ से चुकता कर दिया है।

जनता ने कड़ा सबक सिखाया
ऋतुराज सिन्हा ने कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि तमिलनाडु और केरल में जो लोग ‘सनातन धर्म’ और भारतीय संस्कृति को अपमानित कर अपनी राजनीति चमका रहे थे, उन्हें जनता ने कड़ा सबक सिखाया है। दक्षिण भारत अब परिवारवाद और छद्म-धर्मनिरपेक्षता के चंगुल से आजाद होकर राष्ट्रवाद की मुख्यधारा से जुड़ रहा है।
सबका साथ, सबका विकास”
उन्होंने आगे कहा कि आज आया यह प्रचंड जनादेश ‘इंडी गठबंधन’ के उन दलों के मुंह पर करारा तमाचा है, जो जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का मुगालता पाले हुए थे। भारत की जनता ने साफ संदेश दे दिया है कि उन्हें विभाजनकारी राजनीति नहीं, बल्कि सुरक्षित माहौल और सुशासन चाहिए। जो दल आज भी ‘वोट जिहाद’ जैसे हथकंडों के भरोसे बैठे हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि अब देश में केवल वही टिकेगा जो “सबका साथ, सबका विकास” के पथ पर चलेगा। तुष्टिकरण की राजनीति का चैप्टर अब इस देश में हमेशा के लिए क्लोज़ हो चुका है।