गया का अनोखा गांव 500 साल से मांस-मछली पर पाबंदी, शादी-ब्याह में भी घर से लेकर जाते हैं खाना-पानी !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क :गया बिहार के शेरघाटी प्रखंड में एक ऐसा गांव है, जहां करीब 500 साल पुरानी परंपरा आज भी पूरी मजबूती से कायम है। इस गांव में रहने वाले करीब 95 फीसदी लोग मांस, मछली, अंडा और शराब से पूरी तरह दूरी बनाए रखते हैं। हैरानी की बात यह है कि गांव के लोग दूसरे गांवों में शादी-ब्याह में शामिल होने जाते हैं, तो अपने साथ खाना और पानी भी लेकर जाते हैं। हम बात कर रहे हैं गया के चिलीम गांव की, जिसकी पहचान आज निरामिषों और सत्संगियों के गांव के रूप में बन चुकी है।

करीब 300 घरों और 2000 की आबादी वाले इस गांव में शाकाहार सिर्फ खानपान नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही जीवनशैली और धार्मिक आस्था का हिस्सा है। यहां कई परिवार ऐसे भी हैं, जो लहसुन और प्याज तक का सेवन नहीं करते। ग्रामीणों का कहना है कि यह किसी तरह का सामाजिक दबाव नहीं, बल्कि उनके पूर्वजों से मिली परंपरा है, जिसे आज भी नई पीढ़ी आगे बढ़ा रही है।

शादी में भी अपना भोजन और पानी लेकर जाते हैं ग्रामीण

चिलीम गांव की परंपरा कितनी सख्त है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जब यहां के लोग दूसरे गांवों में शादी-विवाह या किसी समारोह में शामिल होने जाते हैं, तो अपने साथ भोजन और पानी लेकर निकलते हैं। ग्रामीणों को आशंका रहती है कि बाहर जिस बर्तन में खाना बनाया गया होगा, उसमें पहले मांसाहारी भोजन भी पकाया गया हो सकता है।

इसी वजह से वे घर से सत्तू, रोटी और पानी लेकर जाते हैं। इतना ही नहीं, गांव से जब किसी की बारात दूसरे गांव जाती है, तो लड़की वालों को पहले ही बता दिया जाता है कि भोजन पूरी तरह शाकाहारी होना चाहिए। अगर किसी आयोजन में मांसाहारी भोजन बनाया जाता है, तो ग्रामीण वहां खाना खाने से परहेज करते हैं।

शिव गुरु, गायत्री परिवार और जय गुरुदेव से जुड़ी है आस्था

चिलीम गांव को केवल शाकाहारियों का गांव ही नहीं, बल्कि सत्संगियों का गांव भी कहा जाता है। यहां के लोग शिव गुरु, मां गायत्री और जय गुरुदेव से जुड़े हुए हैं। गांव में अलग-अलग जातियों के लोग रहते हैं, लेकिन खानपान की इस परंपरा में सभी की समान भागीदारी है।

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 95 फीसदी आबादी मांसाहार से दूर है। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में नई पीढ़ी के कुछ युवाओं ने लहसुन-प्याज खाना शुरू किया है, लेकिन मांस-मछली और अंडे से दूरी की परंपरा अब भी कायम है।

60 साल से चावल तक नहीं खाया, सिर्फ रोटी और सत्तू है भोजन

गांव के बुजुर्ग शिव शंकर पासवान अपनी परंपरा को लेकर बताते हैं कि उनके पूर्वज भी पूरी तरह शाकाहारी थे। वह पिछले करीब 60 वर्षों से चावल तक नहीं खा रहे हैं। उनका भोजन केवल रोटी और सत्तू है। वह लहसुन-प्याज का भी सेवन नहीं करते।

शिव शंकर पासवान बताते हैं कि उनके लिए शुद्धता और धार्मिक आस्था बेहद महत्वपूर्ण है। अगर शरीर पर मुर्गे का पंख तक छू जाए, तो वह स्नान करने के बाद पूजा-पाठ करते हैं। उनके मुताबिक, गांव की इस परंपरा को सभी जातियों के लोग मानते हैं।

नई पीढ़ी भी बचाकर रख रही है 500 साल पुरानी पहचान

गांव के युवक बिट्टू कुमार बताते हैं कि उनके यहां मांसाहारी भोजन बनाने की परंपरा ही नहीं है। करीब दस साल पहले तक ज्यादातर घरों में लहसुन-प्याज तक नहीं खाया जाता था। आज भी बड़ी संख्या में परिवार इससे परहेज करते हैं। गांव से बारात जाने पर शाकाहारी भोजन की शर्त पहले ही बता दी जाती है।

वहीं, ग्रामीण देवेंद्र गुप्ता का कहना है कि करीब 300 घरों और 2000 की आबादी वाले गांव में इतनी बड़ी संख्या में लोगों का शाकाहारी रहना अपने आप में खास है। यह परंपरा उनके दादा-परदादा के समय से चली आ रही है और आज भी लोग इसे पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं।

कोल-भील राजा के गढ़ से भी जुड़ा है गांव का इतिहास

चिलीम गांव की पहचान केवल खानपान की परंपरा तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, पुराने समय में यहां कोल-भील राजा का गढ़ हुआ करता था। आज भी गांव में गढ़नुमा एक प्राचीन स्थान मौजूद है, जिसे गांव के ऐतिहासिक अतीत से जोड़कर देखा जाता है।

गांव के नाम को लेकर भी अलग-अलग मान्यताएं प्रचलित हैं। कुछ लोग इसका संबंध पुराने समय में चिलम से तंबाकू पीने वालों की अधिक संख्या से जोड़ते हैं, !

जबकि कुछ अन्य मान्यताएं भी बताते हैं।

खेती-किसानी यहां के लोगों का पारंपरिक पेशा रहा है। आधुनिक दौर में जहां खानपान और रहन-सहन तेजी से बदल रहा है, वहीं गया का चिलीम गांव अपनी करीब पांच सौ साल पुरानी शाकाहारी परंपरा को आज भी संजोए हुए है। यही वजह है कि यह गांव बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी अनोखी पहचान के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है।

गया से आशीष कुमार की रिपोर्ट ;

Share This Article