छठ के बाद सम्राट सरकार का बड़ा फैसला! BSEB के नए उपाध्यक्ष-सचिव नियुक्त, नीतीश के आप्त सचिव को भी जिम्मेदारी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार में छठ महापर्व के तुरंत बाद सम्राट चौधरी सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के उपाध्यक्ष और सचिव के पद पर नई नियुक्तियां की हैं। इस फैसले के तहत 2015 बैच के IAS अधिकारी अरविंद कुमार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अजय कुमार को समिति का सचिव नियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर दी हैं।

सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, अरविंद कुमार फिलहाल लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग में अपर सचिव के पद पर तैनात थे। अब उनका तबादला करते हुए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति बिहार विद्यालय परीक्षा समिति अधिनियम, 2019 की धारा 6 के तहत की गई है।
वहीं, बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अजय कुमार को सहरसा के बंदोबस्त पदाधिकारी के पद से हटाकर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का सचिव बनाया गया है। उनकी नियुक्ति समिति के अध्याय दो के नियम 8(2) के तहत की गई है।
नीतीश कुमार के आप्त सचिव को भी मिली नई जिम्मेदारी
इस प्रशासनिक फेरबदल में पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के सरकारी आप्त सचिव प्रमोद कुमार को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार ने उन्हें अगले आदेश तक बिहार राज्य भंडार निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। उन्हें यह जिम्मेदारी अतिरिक्त प्रभार के रूप में दी गई है।

पहले भी कई IAS अधिकारियों को मिला था प्रमोशन
गौरतलब है कि दिवाली से पहले भी बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए 9 जिलाधिकारियों समेत 10 IAS अधिकारियों को प्रोन्नति दी थी। इससे पहले 2014 बैच के 34 IAS अधिकारियों को भी प्रमोशन दिया गया था, जिनमें दो वरिष्ठ अधिकारियों को अपर मुख्य सचिव के ग्रेड में पदोन्नति मिली थी।
छठ के बाद हुई इन नई नियुक्तियों को बिहार सरकार के प्रशासनिक फेरबदल के तौर पर देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभागों में किस तरह कामकाज को आगे बढ़ाते हैं।

Share This Article