लापता गिट्टी-बालू कारोबारी की गंगा में मिली लाश, प्रेम प्रसंग में हत्या का खुलासा

Puja Srivastav
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क :पटना साहिब इलाके से तीन दिनों से लापता चल रहे गिट्टी-बालू कारोबारी पंकज कुमार का शव आखिरकार गंगा नदी से बरामद कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग और पुरानी दुश्मनी के चलते उनकी हत्या की गई और सबूत मिटाने के लिए शव को नदी में फेंक दिया गया।

गिट्टी-बालू कारोबारी पंकज कुमार का शव बुधवार (14 जनवरी) को गंगा नदी से बरामद किया गया। उनका शव टेढ़ी घाट के पास पानी में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग मुख्य वजह हो सकती है।

शव की स्थिति से स्पष्ट था कि पंकज कुमार की निर्ममता से हत्या की गई थी। उनके शरीर पर कई स्थानों पर तेज धारदार हथियार से किए गए वार के गहरे निशान पाए गए। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

मृतक के पिता विजय राय ने शुरू से ही अपने बेटे की हत्या का शक उसके तीन दोस्तों पर जताया था। इस संबंध में उन्होंने खाजेकलां थाने में लिखित आवेदन भी दिया था। पिता के अनुसार, सोमवार रात पंकज कुमार को उसके एक दोस्त का फोन आया, जिसके बाद वह घर से निकला, लेकिन इसके बाद वह फिर कभी वापस नहीं लौटा। शिकायत मिलने के बाद खाजेकलां थाना पुलिस ने बुधवार दोपहर से गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। HDRF टीम और स्थानीय नाविकों की मदद से घंटों तक चली तलाशी के बाद टेढ़ी घाट के पास से शव बरामद किया गया।

इस मामले को लेकर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने जानकारी दी कि मंगलवार रात सूचना मिलते ही एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और मैन्युअल जांच के आधार पर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां पूछताछ के दौरान उन्होंने हत्या की वारदात को स्वीकार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक ने स्वीकार किया कि मृतक पंकज कुमार का उसके परिवार की एक महिला के साथ संबंध था। आरोप यह भी है कि लगभग दो वर्ष पूर्व पंकज ने अभियुक्त के फुफेरे भाई की शराब में जहर मिलाकर जान ले ली थी। इसी पुराने विवाद और प्रेम प्रसंग की दुश्मनी के चलते पंकज की हत्या कर दी गई और उसके शव को गंगा नदी में ठिकाने लगा दिया गया।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article