BPSC 70वीं परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी, हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म

मेहनत का मिला परिणाम, बीपीएससी ने जारी किया फाइनल रिजल्ट।

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का बहुप्रतीक्षित फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। लंबे समय से अंतिम परिणाम का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी है। बीपीएससी द्वारा जारी फाइनल रिजल्ट से पहले मुख्य परीक्षा में सफल घोषित किए गए 5,401 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार (इंटरव्यू) लिया गया था। इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने अंतिम चयन सूची जारी की है।

गौरतलब है कि 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की मुख्य (लिखित) परीक्षा 25 से 30 अप्रैल 2025 के बीच पटना के 32 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 20,034 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। मुख्य परीक्षा का परिणाम 16 दिसंबर 2025 को घोषित किया गया था, जिसके बाद सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। आयोग द्वारा जारी अंतिम चयन सूची पीडीएफ प्रारूप में उपलब्ध है, जिसमें सफल अभ्यर्थियों के रोल नंबर और अन्य आवश्यक विवरण दिए गए हैं। अभ्यर्थी बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।

Share This Article