NEWS PR डेस्क : पटना: राजधानी पटना में शनिवार सुबह से तेज धूप खिली हुई है। धूप निकलने के साथ दिन में गर्मी बढ़ने की संभावना है हालांकि, आसमान में बादलों की आवाजाही के कारण मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने बिहार के 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

पटना में धूप के साथ उमस बरकरार
पिछले कुछ दिनों से पटना में मौसम लगातार करवट ले रहा है। कभी तेज धूप तो कुछ देर बाद आसमान में बादल छा जाने से लोगों को परेशानी हो रही है। शुक्रवार को भी बादलों की आवाजाही के बीच पटना के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हुई। हालांकि, बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से उमस से खास राहत नहीं मिली। गर्मी और चिपचिपाहट के कारण लोगों की परेशानी बनी रही।
पिछले 24 घंटे में पटना का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
बिहार के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में बारिश के साथ तेज हवा और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर ,रोहतास और औरंगाबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राज्य के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
वहीं पटना समेत 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पटना ,सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, गया, नवादा शामिल है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर वज्रपात भी हो सकता है।
अगले सात दिनों तक बदलता रहेगा मौसम
IMD के अनुसार बिहार में अगले सात दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना कम है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। पटना समेत दक्षिण-मध्य बिहार के कई इलाकों में भी बारिश होने के आसार हैं। मानसून की सक्रियता के कारण कुछ जगहों पर कम समय में तेज बारिश हो सकती है, जबकि अन्य इलाकों में हल्की या मध्यम बारिश देखने को मिलेगी।
बारिश के बाद तापमान में गिरावट के आसार
बारिश के कारण आने वाले दिनों में बिहार के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है हालांकि, बारिश से पहले तेज धूप निकलने पर लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। पटना में शनिवार सुबह से धूप निकलने के कारण दिन चढ़ने के साथ तापमान बढ़ने की संभावना है।