Bihar MLC Election Result 2026: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर काउंटिंग शुरू

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और सारण के मतगणना केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच मतगणना की प्रक्रिया जारी है। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हुए इस चुनाव के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हैं। मतगणना के बीच पटना में CCTV कैमरे नहीं होने का मुद्दा भी गरमा गया है। इसे लेकर जन सुराज और कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। वहीं, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. संजय कुमार धरने पर बैठ गए हैं।

बांकीपुर गर्ल्स स्कूल में मतगणना, CCTV को लेकर विवाद
पटना स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना बांकीपुर गर्ल्स स्कूल में कराई जा रही है। इसके लिए स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 14 टेबल और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 7 टेबल लगाए गए हैं। मतगणना केंद्र पर CCTV कैमरे नहीं होने को लेकर जन सुराज और कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। इस मुद्दे पर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. संजय कुमार के धरने पर बैठने से मतगणना केंद्र का माहौल चर्चा में आ गया है।
पहले आएगा शिक्षक सीट का परिणाम
अधिकारियों के मुताबिक, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम पहले आने की संभावना है, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के नतीजों में अधिक समय लग सकता है। इसकी मुख्य वजह स्नातक सीट पर मतदाताओं की संख्या अधिक होना है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में यदि प्रथम वरीयता के मतों के आधार पर किसी प्रत्याशी की जीत तय नहीं होती है, तो द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती की जाएगी। ऐसी स्थिति में परिणाम आने में देर शाम तक का समय लग सकता है।
150 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला
23 अक्टूबर को बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक सीटों के लिए मतदान हुआ था। इन आठ सीटों पर कुल 150 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अब मतगणना के साथ ही प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू के नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज सिंह के बीच मुकाबले पर खास नजर है। इसके अलावा पटना, तिरहुत, दरभंगा और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजे भी राजनीतिक रूप से अहम माने जा रहे हैं।

Share This Article