NEWS PR डेस्क: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच मुजफ्फरपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। जिले में तैनात कृषि अनुमंडल पदाधिकारी हिमांशु कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में उनके चालक राम बाबू राय को भी दबोचा गया है।
स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) की टीम ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाकर यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, एक खाद दुकान संचालक को लाइसेंस रद्द करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। पीड़ित दुकानदार ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की, जिसके बाद टीम ने योजना बनाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद चालक राम बाबू राय ने पूछताछ में बताया कि वह पदाधिकारी के निर्देश पर ही रिश्वत की रकम ले रहा था। इसी आधार पर उसे भी गिरफ्तार किया गया है।
फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और विजिलेंस टीम पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है। इस कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। आगे की जांच जारी है।