NEWS PR डेस्क : – पटना के दानापुर में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। ताराचक निवासी बिट्टू कुमार को बाइक सवार अपराधियों ने खड़ंजा रोड में उनके घर के दरवाजे पर ही निशाना बनाया और सिर में गोली मार दी। गंभीर हालत में युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घर से निकलते ही अपराधियों ने बरसाईं गोलियां
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह बिट्टू कुमार अपने घर से बाहर निकले थे। वह जैसे ही दरवाजे पर पहुंचे, तभी बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली उनके सिर में लग गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन भी दौड़कर मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल बिट्टू को निजी अस्पताल लेकर गए। हालांकि, डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
मृतक के परिजनों ने बताया कि वे घर में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि बिट्टू को किसी ने गोली मार दी है। इसके बाद परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और बाइक सवार अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। दिनदहाड़े घर के दरवाजे पर हुई इस हत्या ने एक बार फिर राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा, की रिपोर्ट ;-