NEWS PR डेस्क: भागलपुर शहर के दक्षिण क्षेत्र स्थित मानिकपुर दुर्गा मंदिर प्रांगण में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले भव्य कलश शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। कलश शोभा यात्रा की शुरुआत मानिकपुर दुर्गा मंदिर से हुई, जो मोहद्दीनगर दुर्गा मंदिर होते हुए पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते नजर आए।

भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु
शोभा यात्रा के दौरान घोड़े और डीजे की धुन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। भक्ति गीतों की गूंज के बीच श्रद्धालु झूमते और उत्साह के साथ धार्मिक वातावरण को और भी जीवंत बनाते दिखे। पूरे इलाके में इस आयोजन के चलते भक्तिमय माहौल बना रहा और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में शोभा यात्रा को देखने के लिए सड़कों पर मौजूद रहे।
प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उत्साह
मंदिर में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार, आगामी धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस शोभा यात्रा में सौरभ मिश्रा, बब्बम मिश्रा, रिशु झा, राजीव सिन्हा, जितेंद्र झा, अमरेश झा, शिशिर, पंकज वर्मा, सुप्रिया मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
