NEWS PR डेस्क: पटना, 1 अप्रैल। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बिपार्ड स्किल पार्क, पटना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां संचालित विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तृत अवलोकन किया और प्रशिक्षुओं को उपलब्ध कराई जा रही आवासीय एवं मेस सुविधाओं की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्किल पार्क में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता और व्यवस्था की जानकारी ली। बिपार्ड स्किल पार्क में सरकारी कर्मियों के प्रशिक्षण के साथ-साथ राज्य के युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन के उद्देश्य से छह प्रमुख पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें एसएपी (SAP), सीसीएनए (CCNA), जेरियाट्रिक केयर गिवर, फैशन डिजाइनिंग, कॉमिस और असिस्टेंट बेकिंग टेक्नीशियन शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इन सभी पाठ्यक्रमों के तहत प्रशिक्षुओं को निःशुल्क आवास, भोजन, प्रशिक्षण किट और वर्दी की सुविधा प्रदान की जाती है। साथ ही उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए अंग्रेज़ी भाषा के साथ-साथ जर्मन, फ्रेंच, स्पैनिश और जापानी जैसी विदेशी भाषाओं का भी प्रशिक्षण दिया जाता है।
अब तक इस स्किल पार्क के माध्यम से सरकारी कर्मियों के अलावा कुल 667 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें से 204 प्रशिक्षुओं को देश और विदेश में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को इसे और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कौशल विकास कार्यक्रम राज्य के युवाओं को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक प्रसाद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, बिपार्ड के महानिदेशक बी. राजेंद्र और भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।