NEWS PR डेस्क: केंद्रीय मंत्री और चिराग पासवान ने अपने चाचा पशुपति कुमार पारस से मुलाकात की। इस दौरान चिराग ने चाचा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लंबे समय से पार्टी और परिवार में चली आ रही दूरी के बाद चाचा-भतीजे की यह मुलाकात खास मानी जा रही है। एक पारिवारिक कार्यक्रम में चिराग पासवान ने अपने चाचा पशुपति पारस और जीजा साधु पासवान से मुलाकात की। इसके बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या पासवान परिवार में फिर से एकता देखने को मिल सकती है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात से रिश्तों में जमी बर्फ पिघल सकती है, जिससे कार्यकर्ताओं में भी उत्साह नजर आया।

मुलाकात के दौरान चिराग पासवान के समर्थक उनके पक्ष में नारेबाजी करते रहे। वीडियो में दिख रहा है कि चिराग पहले चाचा पशुपति पारस के पैर छूते हैं, फिर हाथ जोड़कर उनसे बातचीत करते हैं। वहीं पशुपति पारस भी चिराग के कंधे पर हाथ रखकर कुछ कहते नजर आते हैं। हालांकि दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
यह वीडियो खगड़िया जिले के शहरबन्नी का बताया जा रहा है। चिराग पासवान सोमवार (23 मार्च 2026) को अपने पैतृक जिले खगड़िया पहुंचे थे। यहां अलौली प्रखंड के शहरबन्नी स्थित अपने पैतृक आवास पर उन्होंने अपने दिवंगत चाचा अर्जुन पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान चिराग पासवान ने अपनी बड़ी मां राजकुमारी देवी से भी मुलाकात की, कुछ देर उनके साथ बैठकर उनका हालचाल जाना और उन्हें ढांढस बंधाया।