पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प, CEC के इस्तीफे की मांग

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध शुक्रवार को पटना की सड़कों पर खुलकर सामने आया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च करने निकले। प्रदर्शनकारियों ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को रोकने के लिए सचिवालय थाना के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी झड़प की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछार के बावजूद प्रदर्शनकारी मौके पर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे।
एक मीडिया रिपोर्ट के सामने आने के बाद…
CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस का विरोध एक मीडिया रिपोर्ट के सामने आने के बाद और तेज हुआ है। रिपोर्ट में दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों के दौरान चुनाव आयोग के फैसलों और आदेशों को लेकर कम से कम 14 बार लिखित आपत्तियां दर्ज की थीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इन आपत्तियों में यह कहा गया था कि कुछ फैसलों की जानकारी दोनों चुनाव आयुक्तों को पहले नहीं दी गई थी। रिपोर्ट में एक ही दिन चार आपत्तियां दर्ज किए जाने का भी उल्लेख किया गया। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन खबरों के बीच स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत मत या सुझाव आयोग की आंतरिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं। आयोग के अनुसार, उसके सभी अंतिम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
देशभर में प्रदर्शन का कांग्रेस का ऐलान
रिपोर्ट सामने आने के बाद कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। पटना में हुए प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची से जुड़े फैसलों को लेकर सवाल उठाए और CEC के इस्तीफे की मांग दोहराई। । पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए।
पटना में प्रदर्शन के दौरान क्या हुआ?
शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। सचिवालय थाना के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च को रोक दिया। बैरिकेड पार करने की कोशिश के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शनकारी काफी देर तक मौके पर मौजूद रहे और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे।

Share This Article