NEWS PR डेस्क :पश्चिम चंपारण: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत की खबर से इलाके में शोक की लहर है। हादसे की सूचना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई है।

सीएम सम्राट ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई…
सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि “पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है।” उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की।उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की भी प्रार्थना की।

वहीं, हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और हरसंभव मदद सुनिश्चित की जा रही है।
सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत
बता दें कि पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास हुआ।
छठी समारोह में चल रहा था ऑर्केस्ट्रा
जानकारी के अनुसार, बनकटवा निवासी देवेंद्र दुबे के घर 15 अगस्त को बेटे का जन्म हुआ था। 21 अगस्त की रात बच्चे की छठी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। भोज के साथ ऑर्केस्ट्रा का भी आयोजन था। कार्यक्रम में गांव के लोगों के अलावा बड़ी संख्या में मेहमान मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे टेंट और ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। बस की चपेट में आने से वहां मौजूद कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रक से टक्कर बचाने के दौरान बेकाबू हुई बस
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात गोरखपुर से बेतिया की ओर शाही ट्रेवेल्स की बस जा रही थी। इसी दौरान बगहा-लौरिया मुख्य मार्ग पर सामने से LPG सिलेंडर से लदा ट्रक आ गया। दोनों वाहनों के बीच टक्कर की स्थिति बनने पर बस चालक ने अचानक बस मोड़ दी। रफ्तार अधिक होने के कारण बस नियंत्रित नहीं हो सकी और सीधे सड़क किनारे चल रहे कार्यक्रम में जा घुसी। हादसे के वक्त बस में करीब 15 यात्री सवार थे।