बिहार में कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल के नामकरण को लेकर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने के ऐलान के बाद अब आरजेडी की ओर से इस फैसले पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पुल के नामकरण को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।रोहिणी आचार्य ने मांग की है कि ऐतिहासिक राघोपुर पुल का नाम ‘सामाजिक न्याय सेतु’ रखा जाए या फिर इसका नाम लालू प्रसाद यादव के नाम पर किया जाए। उनका कहना है कि लालू प्रसाद यादव ने राघोपुर दियारा क्षेत्र के विकास और इस इलाके को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए थे।

रोहिणी आचार्य ने कहा कि आज राजनीतिक श्रेय लेने के लिए ऐतिहासिक राघोपुर पुल के निर्माण का श्रेय दूसरों के नाम किए जाने का फैसला अफसोसजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि केवल राजनीतिक फायदे के लिए पुल का नामकरण करने का कोई औचित्य नहीं है। राघोपुर की जनता की इच्छा का भी सम्मान किया जाना चाहिए।दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर जानकारी दी थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर आएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। राज्य सरकार ने इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखने का फैसला किया है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री वैशाली जिले के राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे विभिन्न जनोपयोगी और विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।फिलहाल, पुल के नामकरण को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। अब देखना होगा कि सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी हलचल किस दिशा में आगे बढ़ती है।
