पटना में ट्रैफिक पुलिस पर गिरी गाज, ड्यूटी में लापरवाही पर महिला सिपाही निलंबित

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। ड्यूटी से बिना सूचना गायब मिली एक महिला सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, एक महिला गृहरक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

मामला 2 सितंबर का बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री के चैंबर ऑफ कॉमर्स में प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा था। इसी क्रम में बाटा मोड़ पर ट्रैफिक संचालन के लिए महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।

जांच के दौरान निशा कुमारी और रुचि कुमारी अपने निर्धारित स्थान पर मौजूद नहीं मिलीं। दोनों के बिना अनुमति ड्यूटी स्थल से चले जाने की बात सामने आई। VIP कार्यक्रम के दौरान इस तरह की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने कार्रवाई की।
महिला सिपाही निलंबित, गृहरक्षक पर भी होगी कार्रवाई
ड्यूटी से गैरहाजिर मिली महिला सिपाही निशा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय यातायात संचालन कार्यालय निर्धारित किया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, महिला गृहरक्षक रुचि कुमारी के मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
औचक जांच में सामने आई दूसरी लापरवाही
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की निगरानी यहीं नहीं रुकी। 5 सितंबर की शाम करीब 6:45 बजे बाकरगंज ट्रैफिक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान सड़क पर वाहनों का दबाव और जाम की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन ड्यूटी पर तैनात तीन कर्मी केबिन में बैठकर मोबाइल का इस्तेमाल करते पाए गए।
निरीक्षण के दौरान एएसआई रविन्द्र कुमार मंडल, महिला सिपाही गीता कुमारी और गृहरक्षक सूरज कुमार केबिन के अंदर मौजूद थे।

ड्यूटी के दौरान निर्धारित जिम्मेदारी का पालन नहीं करने पर एएसआई रविन्द्र कुमार मंडल और महिला सिपाही गीता कुमारी का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। दोनों से सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। गृहरक्षक सूरज कुमार के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई के लिए अलग से रिपोर्ट भेजी जा रही है।ट्रैफिक पुलिस की लगातार हो रही जांच के बाद साफ है कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही और निर्देशों की अनदेखी को अब गंभीरता से लिया जा रहा है। अधिकारियों का जोर खासतौर पर पिक आवर और VIP मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर है।

Share This Article