NEWS PR डेस्क:गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोडेड पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, उसके दो साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है और वह एक पुराने मामले में फरार चल रहा था।

पुलिस गश्ती के दौरान हुई कार्रवाई
ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि ने प्रेस वार्ता में बताया कि सत्यम कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पहले से छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम नियमित गश्ती पर थी, तभी तीन संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने तत्काल उनका पीछा किया। इस दौरान दो आरोपी फरार होने में सफल रहे, जबकि सत्यम कुमार को पकड़ लिया गया।
तलाशी में मिला हथियार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से एक लोडेड पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया गया है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि सत्यम कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस फरार हुए दोनों आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
