मधेपुरा में रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने बड़ी सफलता हासिल की है। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को 7,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: मधेपुरा, 07 अप्रैल । बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने बड़ी सफलता हासिल की है। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को 7,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, पुरैनी थाना क्षेत्र के निवासी परिवादी बशिष्ट कुमार विश्वकर्मा ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि आरोपी दरोगा अनिल कुमार सिंह, उदाकिशुनगंज अनुमंडल दंडाधिकारी न्यायालय में दर्ज एक मामले (विविध वाद संख्या-53/25) में जांच रिपोर्ट दाखिल करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहे थे।

जांच में सही पाए गए आरोप

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई, जिसके बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की गई।

टीम गठित कर की गई छापेमारी

पुलिस उपाधीक्षक आसिफ इकबाल मेहदी के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया। टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पुरैनी बाजार से 7,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद उसे निगरानी के विशेष न्यायालय, भागलपुर में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share This Article