NEWS PR डेस्क: हिंदू धर्म में आज से फिर बजेगी शहनाई, घरों में गूंजेंगे मांगलिक गीत और शुरू होगा शुभ कार्यों का सिलसिला। वजह है देवोत्थान एकादशी। मान्यता है कि चार महीने की योगनिद्रा के बाद आज भगवान विष्णु जागृत होंगे। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाएगा और विवाह सहित तमाम मांगलिक कार्यों पर लगी परंपरागत रोक भी खत्म मानी जाएगी।
कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को मनाई जाने वाली देवोत्थान एकादशी को देवउठनी और प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। कई घरों और मंदिरों में तुलसी-शालिग्राम विवाह का आयोजन भी होता है।
पटना के महावीर मंदिर में विशेष आयोजन
राजधानी पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में देवोत्थान एकादशी पर विशेष वार्षिक पूजा का आयोजन किया जाएगा। शाम 6 बजे भगवान विष्णु के विग्रह के सामने पूजा होगी। इसमें मंदिर के पुरोहितों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
पूजा की खास बात यह होगी कि भगवान विष्णु को अन्न और तिल का नैवेद्य नहीं चढ़ाया जाएगा। इसके बजाय फल, मूल और कंद का भोग लगाया जाएगा। पूजा के बाद श्रद्धालु चौकी या पीढ़े को तीन बार उठाकर वैदिक मंत्रों के साथ भगवान विष्णु को जगाने की परंपरा निभाएंगे। इसके बाद भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण होगा।
तुलसी-शालिग्राम विवाह का विशेष महत्व
देवोत्थान एकादशी पर तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह भी कराया जाएगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार, तुलसी विवाह से परिवार में सुख-समृद्धि, वैवाहिक सुख और पारिवारिक सौहार्द आता है। श्रद्धालु इस दिन व्रत रखकर भगवान विष्णु की आराधना करेंगे और अगले दिन स्नान, पूजा तथा दान के बाद व्रत का पारण करेंगे।
धार्मिक मान्यता के अनुसार आषाढ़ शुक्ल एकादशी यानी हरिशयनी एकादशी से भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चातुर्मास की अवधि शुरू होती है। इस दौरान विवाह सहित कई मांगलिक कार्यों को स्थगित रखने की परंपरा है। देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ चातुर्मास समाप्त माना जाता है।
देवोत्थान एकादशी आज: चार महीने बाद जागेंगे भगवान विष्णु, चातुर्मास समाप्त होते ही शुरू होंगे मांगलिक कार्य
