बिहार में दरोगा भर्ती परीक्षा विवाद के बीच बड़ा प्रशासनिक फेरबदल,बदले गए BPSSC अध्यक्ष

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार में दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर मचे विवाद के बीच बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। राज्य सरकार ने आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी जीएनएस गंगवार को सौंप दी है। वहीं, अब तक अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे सेवानिवृत्त IPS अधिकारी केएस द्विवेदी को पद से मुक्त कर दिया गया है।

इस संबंध में गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। जारी आदेश के मुताबिक, जीएनएस गंगवार अपने मूल दायित्वों के अतिरिक्त अगले आदेश तक BPSSC अध्यक्ष का प्रभार संभालेंगे। सरकार ने यह नियुक्ति बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग अधिनियम, 2016 की धारा 3(1) के तहत की है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही आयोग की कमान अब नए अधिकारी के हाथों में आ गई है।
दरोगा भर्ती परीक्षा विवाद के बीच बदलाव
BPSSC में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब हाल ही में दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर काफी विवाद सामने आया था। परीक्षा की प्रक्रिया और कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए थे। मामले की जांच भी कराई जा रही थी। विवाद बढ़ने के बाद आयोग ने दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया था। ऐसे में अध्यक्ष पद पर हुए इस बदलाव को महत्वपूर्ण प्रशासनिक घटनाक्रम माना जा रहा है। हालांकि, सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में इस नियुक्ति को दरोगा भर्ती परीक्षा विवाद या जांच से जोड़कर कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है।
नए अध्यक्ष के सामने होंगी बड़ी चुनौतियां
जीएनएस गंगवार के सामने अब आयोग की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और अभ्यर्थियों का भरोसा दोबारा कायम करना बड़ी चुनौती होगी। इसके साथ ही आगामी परीक्षाओं का निष्पक्ष और व्यवस्थित संचालन भी उनकी प्राथमिकता में रहेगा। अब देखना होगा कि नए अध्यक्ष के नेतृत्व में BPSSC अपनी कार्यप्रणाली में किस तरह के बदलाव करता है और भर्ती परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों का विश्वास बहाल करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Share This Article