बिहार के किसानों को बड़ी सौगात सभी जिलों में लागू हुई फसल बीमा योजना, 15 जनवरी तक करें आवेदन; सिर्फ 1.5% प्रीमियम पर मिलेगी सुरक्षा !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क : बिहार के किसानों अब राज्य के सभी जिलों के किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठा सकेंगे। रबी 2026-27 से बिहार के सभी जिलों में यह योजना लागू कर दी गई है। खास बात यह है कि किसानों को खाद्यान्न, दलहन और तिलहन फसलों के लिए महज 1.5 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा, जबकि वाणिज्यिक और बागवानी फसलों के लिए अधिकतम 5 प्रतिशत प्रीमियम निर्धारित किया गया है। सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने किसानों से 15 जनवरी 2027 तक आवेदन करने की अपील की है।

बिहार सरकार ने किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और मौसम की मार से होने वाले फसल नुकसान से आर्थिक सुरक्षा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सहकारिता विभाग की ओर से रबी विपणन मौसम 2026-27 से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को राज्य के सभी जिलों में लागू किया गया है।

सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि किसानों की फसल को सुरक्षित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को बैंक शाखाओं, पैक्स और वसुधा केंद्रों के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और किसानों को आवेदन में मदद देने का निर्देश दिया है।

15 जनवरी तक कर सकते हैं आवेदन

योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक किसान 15 जनवरी 2027 तक आवेदन कर सकते हैं। इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि रैयत और गैर-रैयत दोनों तरह के किसान इसका लाभ उठा सकेंगे। यानी अपनी जमीन पर खेती करने वाले किसानों के साथ दूसरे की जमीन पर खेती करने वाले पात्र किसान भी फसल बीमा करा सकते हैं।

मात्र 1.5 प्रतिशत देना होगा प्रीमियम

योजना के तहत खाद्यान्न, दलहन और तिलहन फसलों के लिए किसानों को बीमित राशि का अधिकतम 1.5 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा। वहीं, वाणिज्यिक और बागवानी फसलों के लिए अधिकतम 5 प्रतिशत प्रीमियम निर्धारित किया गया है। इससे अधिक प्रीमियम की शेष राशि का भुगतान केंद्र और राज्य सरकार मिलकर करेंगी।

18 फसलों को मिलेगा बीमा सुरक्षा का लाभ

योजना के तहत विभिन्न जिलों में 18 फसलों को अधिसूचित किया गया है। इनमें गेहूं, मक्का, ईख, राई-सरसों, आलू, टमाटर, लीची, केला और अमरूद जैसी फसलें शामिल हैं। योजना के प्रावधानों के अनुसार प्राकृतिक आपदाओं और प्रतिकूल मौसम के कारण होने वाले फसल नुकसान पर बीमा सुरक्षा मिलेगी।

इसके लिए किसानों को आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, बैंक खाते का विवरण, फसल बुवाई प्रमाण-पत्र और जमीन से संबंधित दस्तावेज देने होंगे। गैर-रैयत किसानों को निर्धारित प्रारूप में स्व-घोषणा पत्र भी जमा करना होगा।

किसान संबंधित बैंक शाखा, पैक्स, वसुधा केंद्र, आधिकारिक वेबसाइट pmfby.gov.in या Crop Insurance App के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। सरकार ने किसानों से अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन करने की अपील की है, ताकि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में उनकी मेहनत और फसल को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

NEWS PR DESK

Share This Article