डीएम-एसएसपी की कोचिंग संचालकों व छात्रावास प्रतिनिधियों संग बैठक, छात्रों से भ्रामक गतिविधियों से दूर रहने की अपील

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 25 जुलाई। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दरभंगा जिला प्रशासन ने निजी कोचिंग संस्थानों एवं छात्रावास प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने की।

बैठक में निजी कोचिंग संस्थानों के संचालक, अंबेडकर छात्रावास के अधीक्षक, छात्र प्रतिनिधि तथा संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर छात्रों की सुरक्षा, शैक्षणिक माहौल बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कोचिंग संचालकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को विरोध-प्रदर्शनों से दूर रहने की सलाह दें और उन्हें पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व छात्रों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे में कोचिंग संस्थानों और छात्रावास प्रबंधन की भूमिका अभिभावक की तरह महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अफवाहों और भ्रामक प्रचार से बचने की भी अपील की।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन छात्रों के भविष्य और उनकी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों का प्राथमिक उद्देश्य शिक्षा प्राप्त करना और अपने भविष्य का निर्माण होना चाहिए। साथ ही उन्होंने कोचिंग संस्थानों से किसी भी राजनीतिक गतिविधि को मंच नहीं देने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि हाल के प्रदर्शन के मामले में 32 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जिनमें अधिकांश छात्र हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का प्रभाव उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी नौकरियों, पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन जैसी प्रक्रियाओं पर पड़ सकता है।

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने भी सभी से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या उकसावे में न आएं तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विरोध-प्रदर्शन की आड़ में यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के अंत में जिला प्रशासन ने कोचिंग संचालकों, छात्रावास अधीक्षकों और छात्र प्रतिनिधियों से विद्यार्थियों को सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें शिक्षा एवं करियर निर्माण के लिए प्रेरित करने तथा जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। इस अवसर पर सहायक समाहर्त्ता कल्पना रावत सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article